जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के रसूलाबाद मोहल्ले में रविवार को पानी से भरी बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्ष की बच्ची की मौत हो गई।
रसूलाबाद निवासी विनय कनौजिया रोजी रोटी के लिए मुंबई में रहते हैं। उनकी पत्नी पूनम अपने तीन बच्चों और ससुर के साथ गांव में ही रहती है। दोपहर में पूनम अपने घर में गेहूं की सफाई कर रही थी। उसी दौरान उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी शिवानी घर में से निकल कर खेलते खेलते नल के पास पहुंच गई। वहां प्लास्टिक पेंट की बीस लीटर की बाल्टी रखी हुई थी। जिसमें आधी बाल्टी पानी था। शिवानी बाल्टी में खेलते खेलते बाल्टी में सर के बल गिर पड़ी । जिससे वह बाल्टी में डूब गई और मौत हो गई। कुछ समय बाद जब उसकी मां को प्यास लगी और वह पानी पीने के लिए नल पर पहुंची तो बेटी को इस अवस्था में देखकर चीख पड़ी। शोर सुनकर पास पड़ोस के लोग बच्ची को बाल्टी से निकाल कर डॉक्टर के पास ले गए । जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया ।