मीरगंज। जंघई रेलवे स्टेशन की पावर केबिन के निकट शुक्रवार को चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर कट गया। उसे इलाहाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फूलपुर इलाहाबाद निवासी महमूद अहमद (60) किसी काम से जंघई आ रहे थे। गोदान एक्सप्रेस ट्रेन में वह सवार थे। स्टेशन पर उतरने के लिए गैलरी में खड़े थे। ट्रेन स्टेशन से पहले पावर केविन के पास पहुंची थी तभी अन्य यात्री भी स्टेशन पर उतरने के लिए गैलरी में आकर खड़े हो गए। इसी दौरान किसी यात्री के बैग से धक्का लग गया और महमूद चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े। उनका पैर पटरी पर चला गया और ट्रेन का पहिया पैर के ऊपर से गुजर गया।पैर कट गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरपीएफ के जवान सर्वेन्द्र सिंह और जीआरपी के जवान ईश्वर चन्द उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया जहां से बेहतर उपचार के लिए इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।