करंजाकला। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भैंसनी गांव में शनिवार की रात ट्रैक्टर में लगा थ्रेसर के पलटने से किशोर की दबकर मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम सस्कार कर दिया।
भैंसनी गांव निवासी रामप्रकाश चौरसिया (45) ट्रैक्टर से गांव में मड़ाई करने गए थे। साथ में उनका बेटा रामकुमार चौरसिया (14) भी गया था। रात में मड़ाई कर पिता पुत्र ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में गड्ढे को पार करना था। रामप्रकाश ने बेटे को ट्रैक्टर से नीचे उतार दिया। ट्रैक्टर तो गड्ढा पार कर गया, लेकिन थ्रेसर पलट गया। इससे रामकुमार थ्रेसर के नीचे दब गया। शोर सुनकर गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। किसी तरह थ्रेसर खड़ाकर किशोर को बाहर निकाला गया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई।