जौनपुर। मछलीशहर थाना क्षेत्र के मतरी गांव में हुई युवती की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्यारा प्रेमी युवती की मौत की खबर थाने पर देने के लिए परिजनों के साथ गया था और पंचनामा में गवाह भी बना था। उसने पहले युवती का गर्भपात कराने के लिए खुद इंजेक्शन लगाया था। युवती दर्द से चिल्लाने लगी तो आवाज घर तक न जाए इसके लिए उसने उसका मुंह दबा लिया था। दम घुटने से उसकी मौत हो गई थी। गांव में नाले के पास युवती की लाश 17 अप्रैल को सुबह मिली थी। युवती 16 अप्रैल की शाम से लापता थी। घटना की जांच कर रही पुलिस युवती की मोबाइल की काल डिटेल खंगाला तो उसके एक करीबी पर शक गहरा गया। मछलीशहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह को गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि युवती का हत्यारा उसका प्रेमी कहीं भागने के फिराक में हैं। मथुरा मतरी नहर चौराहे के पास से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पकड़ा गया धनीशंकर पटेल इसी कोतवाली क्षेत्र के मतरी नयेपुरा गांव का निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि करीब एक साल से उसका युवती से अवैध संबंध था। युवती की शादी तय हो गई थी। उसने फोन पर उसे बताया था कि वह गर्भवती है। गर्भपात कराने के लिए मेडिकल स्टोर से दवा लाकर उसे दे दिया था। दवा खाने के बाद उसकी हालत खराब होने लगी तो उसने फोन पर उसे जानकारी दी। उसने उसे घर से दूर नाले के पास बुला लिया। वहीं पर एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद वह दर्द से चिल्लाने लगी। आवाज बस्ती तक न जाए इसके लिए उसने लड़की का मुंह हाथ से दबा लिया था। मुंह दबाने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों के साथ थाने पर सूचना देने से लेकर पंचायतनामा में गवाहों में भी उसका नाम है। उसपर कोई शक न कर सके इस नाते वह पीड़ित परिवार के साथ साथ लगा रहा।