जौनपुर। चंदवक, मुंगराबादशापुर थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार की रात बाभनपुर गांव के पास एक मुठभेड़ में तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बदमाशों के पास से एक पिस्टल, दो तमंचा, छह कारतूस और बाइक बरामद हुई है। तीनों चंदवक थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर लूट के इरादे से निकले थे। एसपी केके चौधरी ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि चंदवक थानाध्यक्ष शशिचंद्र चौधरी, स्वाट टीम प्रभारी विश्वनाथ यादव, थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर अनिल सिंह मोढ़ैला चौराहे के पास आपस में बातें कर रहे थे तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन लुटेरे थानागद्दी की तरफ से चंदवक की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने फैक्ट्री रोड बाभनपुर के पास छिपकर बदमाशों का इंतजार करने लगी। कुछ ही देर में एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने टार्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया। इतने में बाइक पर सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक को मोड़कर पुन: उसी दिशा में भागने का प्रयास करने लगे जिधर से आए थे। पुलिस ने घेरकर बाइक पर सवार तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक के पास से पिस्टल दो जिंदा कारतूस और दो लुटेरों को पास से दो तमंचा और चार कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि तीनों अंतर्जनपदीय लुटेरे हैं। उनके खिलाफ जलालपुर, केराकत, सिकरारा थाने में पहले से केस दर्ज हैं। पकड़े गुए लुटेरों में विशाल मिश्रा निवासी ढिंगुरपुर जलालपुर, रिजवान अली निवासी काकोरी थाना जलालपुर और विकास राजभर निवासी काकोरी थाना जलालपुर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर चालान कर दिया।