महराजगंज थाने के कोल्हुआ बाजार में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में तैनात गार्ड की बंदूक से बुधवार को दोपहर अचानक गोली चल गई। उसकी चपेट में आने से रुपये निकालने के लिए लाइन में खड़ा युवक घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
असरोपुर गांव निवासी नीरज मिश्रा (22) एसबीआई की कोल्हुआ शाखा से रुपये निकलाने गया था। दोपहर दो बजे वह बैंक में लाइन में खड़ा था। इसी दौरान बैंक की सुरक्षा में तैनात गार्ड राजीव पांडेय निवासी पतरा रामपुर थाना सुजानगंज की बंदूक का पट्टा टूट गया और बंदूक जमीन पर गिर गई। बंदूक के गिरते ही गोली चल गई। गोली नीरज मिश्रा के दाहिने पैर की एड़ी को पार करते हुए बांयें पैर की एड़ी में लग गई। वह छटपटाकर जमीन पर गिर गया। उसे आनन फानन में उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से डाक्टर ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है। शाखा प्रबंधक बीएन सिंह का कहना है कि वन्या सिक्योरिटी एजेंसी ने बैंक में गार्ड की तैनाती की है। गार्ड की लापरवाही से घटना हुई है। सिक्योरिटी एजेंसी और बैंक के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है।