खेतासराय। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कयार गांव में पुलिस की छानबीन में डकैती की सूचना फर्जी निकली। पुलिस की जांच में पता चला कि मामला जमीन विवाद का है। रात में डकैती की सूचना देने वाला दूसरे दिन शाम खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं दी है।
कयार गांव निवासी एजाज अहमद ने रविवार की आधी रात को पुलिस को सूचना दी थी कि उसके घर डकैत आ गए हैं और असलहे के बलपर आतंकित कर घर में रखा आभूषण लूटकर भाग गए। डकैतों की एक बाइक मौके पर छूट गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। जांच में पता चला कि बाइक गांव के ही अरमान की है और अरमान व एजाज के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। पुलिस की जांच में पता चला कि एजाज अहमद ने विवादित भूमि पर बाउंड्री का निर्माण कर लिया है। दूसरे पक्ष के लोग रात में बाउंड्री ढहाने के लिए पहुंचे थे। एजाज अहमद के परिवार के लोगों ने उसी वक्त शोर मचाया कि उनके घर डकैत आ गए है। शोर सुनकर लोग मौके से फरार हो गए और एक बाइक उनकी मौके पर छूट गई। सूचना पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को कब्जे में ले लिया। सुबह जांच में पता चला कि बाइक गांव के अरमान की है और अरमान का एजाज से जमीन का विवाद चल रहा है। थानाध्यक्ष सरायख्वाजा धनीराम वर्मा का कहना है डकैती की सूचना देने वाले एजाज अहमद को थाने आकर तहरीर देने को कहा गया है लेकिन शाम तक वह थाने नहीं आया। फोन पर बात हुई तो बताया गया कि पत्नी की तबीयत खराब होने पर वह इलाज के लिए अस्पताल चले गए हैं।