सिंगरामऊ (जौनपुर)।
स्थानीय थाने की पुलिस ने शनिवार को हरिहरपुर रेलवे क्रासिंग के पास से कंटेनर में लदे 85 मवेशियों के साथ चार पशु तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मवेशियों को वध के लिए ले जाया जा रहा था।
प्रभारी निरीक्षक धाकेश्वर सिंह अपने हमराही एसआई संजय सिंह, कांस्टेबल अनुज प्रताप सिंह, राजेश सिंह के साथ शनिवार को करीब 10:30 बजे क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। मुखबिर से सूचना मिली कि जौनपुर से कंटेनर पर काफी संख्या में मवेशियों को लादकर वध के लिए सुल्तानपुर की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने घेरेबंदी कर हरिहरपुर रेलवे क्रासिंग के पास कंटेनर को रोक लिया। उसमें सवार चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कंटेनर में कुल 85 मवेशी बेरहमी से ठूंसकर लादे गए थे। पशु तस्करों ने अपना नाम तौसीफ निवासी कलावदा मेरठ, नसीम अहमद निवासी खुरजा, बुलंदशहर, इमरान अहमद निवासी शाहपुर थाना शाहपुर मुजफ्फरनगर, इकलाल अहमद निवासी शाहपुर मुजफ्फरनगर बताया। प्रभारी निरीक्षक धारकेश्वर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पशु तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।