मुंगराबादशाहपुर और सुजानगंज थाने की पुलिस टीम ने अलग अलग स्थानों से ट्रक लूटने वाले गिरोह की महिला समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से असलहा, नकदी और फर्जी पहचान पत्र बरामद किए हैं।
पुलिस को बुधवार की शाम सूचना मिली कि प्रतापगढ़ की ओर से मोटर साइकिल से ट्रक लूटने वाले गिरोह के सदस्य मुंगराबादशाहपुर की ओर आ रहे हैं। तब पुलिस टीम महिला थानाध्यक्ष तारामती यादव व हमराही पुलिस कर्मियो के साथ गौरैयाडीह (सटवा) के पास वाहन चेकिंग करने लगी। इसी दौरान प्रतापगढ़ की ओर से मोटर साइकल आती दिखी। पुलिस ने सवारों को पकड़ा तो एक ने अपना नाम मो. आदिल निवासी छोटी खरवई थाना मांधाता प्रतापगढ़ तथा उसके साथ गिरफ्तार महिला ने अपना नाम कहकशा बानो निवासी अंधियारी थाना नबाबगंज इलाहाबाद बताया। उनके पास से तमंचा, जिंदा कारतूस व खोखा कारतूस, फर्जी पासपोटर्, आधारकार्ड पहचानपत्र, निर्वाचन कार्ड के बदलापुर में हुई ट्रक लूट से अर्जित सात हजार रुपये व एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मुंगरा बादशाहपुर एसओ केके मिश्र टीम के साथ थे।
उधर चौकी प्रभारी सतहरिया अरविंद यादव ने गुरुवार की भोर थानाध्यक्ष सुजानगंज सनवर अली के सहयोग से बरजी नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर ट्रक लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में तपसीर निवासी फूलपुर थाना जेठवारा प्रतापगढ़, शिव कुमार गौड़, निवासी सगरा थाना कोतवाली प्रतापगढ़ व फिरोज निवासी पियारे का पुरवा थाना जेठवारा प्रतापगढ़ शामिल हैं।