मीरगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव में तीन दिन से एक मंदिर के परिसर मे रह रही मध्यप्रदेश के रीवां की एक महिला के साथ तीन लोगों ने बुधवार की रात गैंगरेप का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। मौके पर जुटे लोगों में किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस महिला को थाने ले गई है। पुलिस का कहना है कि महिला की मानसिक दशा ठीक नहीं है।
मीरगंज थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव में स्थित एक मंदिर परिसर में तीन दिन से मध्यप्रदेश की रीवां जिले की 35 वर्षीय महिला रह रही है। वह रात में ठंड से बचने के लिए मंदिर परिसर में पुआल बिछाकर सो रही थी। आरोप है कि बुधवार की रात तीन लोग पहुंचे और महिला के साथ जोर जबरदस्ती कीे। महिला ने हल्ला मचाया तो तीनों उसे भाग गए। शोर सुनकर लोग वहां पहुंचे तो देखा महिला के कपड़े अस्तव्यस्त थे। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को लेकर थाने चली गई। थानाध्यक्ष रामचंद्र राम का कहना है की मंदिर परिसर में जहां पुआल बिछाकर महिला सोती थी उसमें किसी ने आग लगा दी थी जिससे महिला शोर करने लगी। महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसे रीवां भेजने की तैयारी की जा रही है।