सिकरारा/सुजानगंज। जिले के सिकरार थाना क्षेत्र के शेरवां बाजार में रविवार की रात बाइक से गिरकर एक युवक की मौत हो गई जबकि सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही बाजार के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिकरारा थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी इन्द्रबहादुर उपाध्याय का बेटा नितेश उपाध्याय(22) अपनी बाइक से बदलापुर क्षेत्र में किसी शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात घर लौटते समय शेरवा बाजार में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिरकर वह अचेत हो गया। तेज आवाज सुनकर घर के बाहर सो रहे बाजारवासी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल युवक को जिला अस्पताल भेजवाया । जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के जेब से मिले पहचान पत्र से उसकी पहचान हुई और पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पिता के चार बेटों में तीसरे नंबर पर था। उसके पिता इंद्र बहादुर दीवानी कचहरी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। बेटे की मौत की खबर घर पहुँचने पर कोहराम मच गया। नितेश बीएससी एजी का होनहार छात्र था।
उधर, सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही बाजार के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। प्रतापगढ़ जिले के पट्टी निवासी लालबहादुर वर्मा अपनी पत्नी व भांजे के साथ सुजुकी बाइक से बरईपार अपने किसी रिस्तेदार के यहां जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही बाजार के पास पहुंचे थे तभी बदलापुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक पर पीछे बैठी कमला देवी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि लालबहादुर वर्मा व भांजे रोहित मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।