मछलीशहर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी से से आहत हो आग लगाकर आत्मदाह करने की कोशिश करने वाली किशोरी की हालत बुधवार को अचानक गंभीर हो गई। उसे एक बार फिर से जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
गांव में सोमवार की शाम खेत की तरफ गई किशोरी को रास्ते में तीन चार की संख्या में मनबढ़ों ने पकड़ लिया और उसे खींचकर खेत की तरफ ले गए और दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो किशोरी की आबरू तो बच गई लेकिन घर आकर उसने मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली थी। जिला अस्पताल से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया था। बीएचयू में प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी को छुट्टी दे दी गई थी। बुधवार को भाजपा नेत्री अनीता रावत पीड़ित किशोरी के घर पहुंची थी। उसकी हालत खराब देख उन्होंने उसे सीएचसी मछलीशहर पहुंचवाया। जहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आर्थिक तंगी झेल रहे परिजनों को इलाज कराने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उधर, किशोरी से छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को सभी का चालान कर दिया गया।