खुटहन। क्षेत्र के उसरा पुरवा गांव में बीते 19 जुलाई को गंभीर रूप से झुलसी महिला की वाराणसी के शिवपुर स्थित एक निजी अस्पताल में गुरुवार की शाम मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।
उसरा पुरवा निवासी उदयराज गौतम के पुत्र राजकुमार उर्फ गुड्डू की शादी आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के कोहड़े गांव निवासी राजू की पुत्री वंदना से 16 जून 2016 को हुई थी। वंदना ( 21) आठ जुलाई को मायके से ससुराल आई थी और 19 जुलाई को गंभीर रूप से झुलस गई। ससुराल के लोगों का कहना था कि खाना बनाते समय वंदना झुलसी। उसे शाहगंज में एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। शिवपुर के एक निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान गुरुवार की शाम वंदना की मौत हो गई। देर रात उसका शव घर लाया गया। रात में ही वंदना के पिता ने उसके पति व सास पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था। क्षेत्राधिकारी अवधेश तिवारी ने मामले की जांच की। (ब्यूरो)