घनश्यामपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के लोकापुर मोड़ के पास महिला के साथ मारपीट और उससे की गई लूटपाट के मामले में केस न दर्ज करने से खफा ग्रामीणों ने सोमवार को बदलापुर थाने के सामने हाइवे पर जाम लगा दिया। एसडीएम ने केस दर्ज कराने का भरोसा दिया तो करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बदलापुर थाना क्षेत्र की असुआपार निवासी भुल्लर निषाद की पत्नी सुषमा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह सोमवार को सुबह नौ बजे अपने भांजे के साथ खजुरन गांव स्थित एक चिकित्सक के यहां से दवा लेकर लौट रही थी। लोकापुर मोड़ के पास पहुंची थी तभी ढेमा गांव के तीन की संख्या में आए मनबढ़ों ने उन्हें रोककर पिटाई कर दी और पास से गहने और आठ सौ पचास रुपये नकदी भी लूट लिया। विरोध करने पर उनके भांजे विजयचंद निवासी भोसिला थाना महराजगंज को भी मारपीट कर घायल कर दिया। महिला की तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मामला महज मारपीट का बताकर लूट का मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर घायल महिला के परिजनों के साथ पचास से अधिक संख्या में पहुंची महिलाओं ने थाने के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने केस दर्ज कराने का भरोसा देकर एक घंटे बाद जाम समाप्त करवाया।