मड़ियाहूं। स्थानीय तहसील के सोनाई गांव में पूर्व प्रधान ने जल गड्ढा की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। ग्राम प्रधान की शिकायत पर मार्च में तत्कालीन डीएम बलकार सिंह के निर्देश पर एसडीएम ने अतिक्रमण हटवाया था। लेकिन दोबारा पूर्व प्रधान ने अतिक्रमण कर अब भवन निर्माण शुरू कर दिया है। जल संचय के लिए गांव में सार्वजनिक जमीने छोड़ी गई हैं। जिसके तहत सोनाई गांव में भी जमीन छोड़ी गई थी। ताकि पानी का संचय किया जा सकें। लेकिन ग्रामीणों की माने तो इस जमीन पर एक पूर्व प्रधान ने कब्जा कर लिया है। ग्राम प्रधान बृजेश सिंह की शिकायत पर एसडीएम और चार थाने की फोर्स ने कब्जा हटवाया जरूर लेकिन दोबारा कब्जा किए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने डीएम को अवगत कराते हुए दोबारा कब्जा करने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग किया है।