मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अभिनव पावर प्लांट में बुधवार की दोपहर करीब दो बजे लाठी, डंडा और राड से लैस ग्रामीणों ने धावा बोल दिया। उन्होंने बंद पड़े पावर प्लांट में तोड़फोड़ की, जिससे कंपनी को लाखों का नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो उपद्रवी फरार हो गए।
सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अभिनव स्टील फैक्ट्री लिमिटेड एवं पावर प्लांट काफी दिनों से बंद है। पावर प्लांट से सटी करीब चार बीघा भूमि पर फैक्ट्री के मालिक ने गेहूं की बुवाई करवाई है। बुधवार को दोपहर करीब दो बजे कंपनी मालिक के गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसी से लगे सरोखनपुर गांव के लोगों का खेत है, जिसमें गेहूं की फसल पककर तैयार हो गई है।
गांव वालों के खेत तक आग पहुंचने से पहले ही उसे बुझा लिया गया। ग्रामीणों को लगा कि उनकी फसल इस फैक्ट्री के कारण ही जलकर राख हो जाएगी। घटना से गुस्साए गांव के करीब 40 से अधिक लोग लाठी डंडा और राड के साथ पावर प्लांट के पास पहुंच गए थे। आग बुझने के बावजूद उन्होंने प्लांट पर धावा बोल दिया। पावर प्लांट में जमकर तोड़फोड़ की।