सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अपना दल एस पार्टी के नेता को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी का मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के गॉव बर्जीकला मधुपुर निवासी विनोद यादव पुत्र राजमूर्ति यादव अपना दल एस पार्टी के युवा जिला महासचिव हैं। उनके मोबाइल पर 13 अप्रैल की रात तीन अज्ञात मोबाइल नंबरों से धमकी आया कि तुम सामाजिक कार्य करना छोड़ दो वरना तुम्हें और तुम्हारे सारे परिवार को घर से उठवाकर रास्ते से हटा दिया जाएगा। इसमें एक मोबाइल नंबर से जान से मारने की धमकी का मैसेज भी आया है। जिसके बाद पूरा परिवार भयभीत होकर सदमे में आ गया। नेता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।