धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के हनुवाडीह रेलवे क्रासिंग के पास शनिवार की रात करीब दो बजे बदमाशों ने चालक को पीटकर घायल कर दिया और इंडिगो कार लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने ओला कैब को वाराणसी से मुफ्तीगंज के लिए आनलाइन बुक कराया था। सुबह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिले चालक को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में होश आने पर उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस बदमाशों की छानबीन में जुट गई है। वाराणसी कैंट निवासी राजीव चौहान (24) पुत्र कंचन चौहान खुद की इंडिगो कार को ओला टैक्सी में चलाता है। शनिवार की रात करीब 12 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन के गेट पर तीन युवकों ने कार चालक से मिलकर जौनपुर के मुफ्तीगंज बाजार तक के लिए 1500 रुपये में कार बुक कराई थी । ड्राइवर कैंट स्टेशन से तीनों को बैठाकर मुफ्तीगंज के लिए चला। रात में करीब दो बजे गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गौराबादशाहपुर- रामपुर मार्ग पर हनुवाडीह रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा था तभी कार में सवार बदमाशों ने कार को रोक लिया और चालक को मारपीटकर घायल कर दिया। चालक को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पटरी पर छोड़कर कार लेकर फरार हो गए। भोर में करीब तीन बजे किसी के कराहने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग करीब पहुंचे तो वहां युवक के घायल पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसओ गौराबादशाहपुर बालेंद्र यादव अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे जहां से युवक को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। युवक की हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में होश आने पर घायल युवक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायल चालक ने पुलिस को बताया कि कार में सवार तीनों बदमाशों की उम्र 25 से 26 वर्ष के बीच थी। उनमें से दो ने शराब भी पी रखी थी। इस संबंध में केराकत के प्रभारी सीओ नृपेंद्र का कहना है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से ही कार को बुक कराया था। अपराध वाराणसी में हुआ है इसलिए पीड़ित की ओर से वाराणसी के सिगरा थाने में तहरीर दी गई है।