खेतासराय। जौनपुर-फैजाबाद रेल मार्ग पर मानी और खेतासराय स्टेशन के बीच रविवार को भोर में एक युवक का शव पटरी के किनारे पाया गया। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोट के निशान हैं। उसकी पचान नहीं हो सकी है। अनुमान लगाया जा रहा कि रात में किसी ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हुई होगी। खेतासराय थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भोर में करीब चार बजे पटरी से गुजर रहा गैंगमैन मानी कला स्टेशन से आगे खेतासराय की तरफ बढ़ा तो पटरी के किनारे पड़े युवक का शव दिखा। गैंगमैन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन पहचान नहीं हो सकी। करीब 40 वर्षीय युवक नीला टी शर्ट, नीले रंग का जींस का पैंट एवं सफेद गमछा लिए हुए है। दायें हाथ में काला रक्षा भी बंधा है। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी पहचान न होने पर अनुमान लगाया जा रहा कि युवक रात में किसी ट्रेन से गिर गया होगा। सिर में गंभीर चोट आने के चलते उसकी मौत हो गई होगी। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा का कहना है कि युवक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन आदि बरामद नहीं हुआ है जिससे पहाचन करने में दिक्कत हो रही है। अनुमान है कि सफर के दौरान ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हुई होगी। वैसे मौत का आसली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा।