धर्मापुर। एसबीआई की धर्मापुर शाखा में चोरी का प्रयास कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी पहले एसबीआई की आरा शाखा में भी चोरी का प्रयास कर चुके हैं। सीओ केराकत रामभुवन यादव ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक गौराबादशाहपुर विजय कुमार चौरसिया बुधवार की रात अपनी टीम के साथ गश्त पर निकले थे। पुलिस की गाड़ी धर्मापुर बाजार से गुजर रही थी तो सरैयामोड़ के समीप स्थित एसबीआई की शाखा के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो एक के पास से सबरी और दूसरे के पास से रिंच बरामद हुआ। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम निक्की कुमार जायसवाल व अजय गौंड निवासी फूलपुर, आजमगढ़ बताया। पुलिस ने बताया कि दोनों एसबीआई में चोरी का प्रयास कर रहे थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों युवक एक माह पहले भारतीय स्टेट बैंक शाखा आरा में हुई चोरी के प्रयास भी आरोपित हैं।