शाहगंज। कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से घर आ रहे युवक को जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर सामान व नगदी लूट लिया। जीआरपी ने बेहोशी की हालत में ट्रेन में मिले युवक को उपचार के लिए राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया है। आजमगढ़ जनपद के निजामबाद थाना क्षेत्र के देवहरा गांव निवासी धर्मनाथ (38) पुत्र गोविंद यादव शुक्रवार को कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार होकर दिल्ली से घर वापस आ रहा था। रास्ते में जहर खुरानों ने दोस्ती गांठ कर नाश्ते में नशीला पदार्थ खिला दिया। जिसके बेहोश हो जाने पर पांच हजार नकदी, दो मोबाइल सहित सामान से भरी बैग लूटकर फरार हो गये। शाहगंज रेलवे स्टेशन पर सह यात्रियों की सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने बेहोशी की हालत में उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया।