सुईथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर सारीजहांगीरपट्टी चौराहे के समीप बुधवार की रात जाइलो सवार तीन बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर ट्रक चालक से 40 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पाकर हरकत में आई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिट्टी उतारकर शाहगंज की ओर जा रहा ट्रक बुधवार की देर शाम सारीजहांगीर पट्टी चौराहे के पास पहुंचा था। इसी दौरान जाइलो सवार बदमाशों ने ट्रक को रोक लिया और खुद को सिपाही बताते हुए ट्रक के कागजात मांगे। गाड़ी छोड़ने के नाम पर चालक से पैसे मांगने लगे। चालक ने पैसे देने से इनकार किया तो उसकी पिटाई करने के बाद 40 हजार रुपये लूट लिया और सूरापुर की तरफ भाग निकले। ट्रक चालक ने घटना की सूचना डायल 100 पर दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ट्रक चालक पूछताछ कर रही थी तभी ट्रक मालिक ने घटना की जानकारी डीजी कार्यालय लखनऊ को दे दी। डीजी कार्यालय से पूछताछ शुरू होने पर थानाध्यक्ष शशीचंद चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की निशानदेही पर एक आरोपी को गिरफ्तार लिया। सीओ शाहगंज अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक आरोपी मनोज बिंद निवासी सुईथाकला को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि ट्रक चालक ने कोई तहरीर नही दी है।