जौनपुर। दहेज में कार और नकदी की मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार करने पर कोतोवाली पुलिस ने पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के शक्कर मंडी निवासी अनीता साहू पत्नी राजेश कुमार साहू ने अपनी पुत्री अंजली गुप्ता की शादी वाराणसी के पांडेपुर थाने क्षेत्र के बनवारीपुर निवासी हरिदास गुप्ता के पुत्र अजय गुप्ता के साथ तय की थी। 21 फरवरी को वाराणसी के एक होटल में सगाई की रस्म धूमधाम से पूरी हुई और शादी के लिए 22 अप्रैल की तारीख भी तय हो गई। जिस लड़के के साथ शादी तय हुई वह वाराणसी के ही एक निजी चिकित्सालय में फार्मासिस्ट है। उसके कहने पर लड़की ने गुड़गांव हरियाणा के अस्पताल में नर्स के पद से इस्तीफा भी दे दिया। घर में शादी की तैयारी चल रही थी इसी बीच लड़के की तरफ से दहेज में पांच लाख नकद और कार की मांग की जाने लगी। पुलिस ने अनीता साहू की तहरीर पर अजय कुमार गुप्ता, उनके पिता हरिदास गुप्ता, भाई अरविंद कुमार और उसकी मां समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।