शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के जौनपुर मार्ग स्थित नजीराबाद में गुरुवार की शाम तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे मां-बेटे जख्मी हो गए। गंभीर रुप से घायल दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्कार्पियो सवार फरार हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम समाप्त करवाया।
सबरहद रसूलपुर गांव निवासी जगदीश राजभर अपनी पत्नी बासमती (45) और बेटे सूरज राजभर (18) के साथ नजीराबाद में सड़क पार कर रहे थे। इस बीच शाहगंज की ओर से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बासमती व सूरज को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। चालक और सवार वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बगल के वेल्डिंग की दुकान से दो युवकों पर वाहन सवारों को भगाने का आरोप लगाकर बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने वाहन को क्षतिग्रस्त कर जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर बंधक बने युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेजा। एक घंटे के बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।