क्षेत्र के मतरी ग्रामसभा अंतर्गत नूरपुर मजरे के निवासी मुन्नूलाल का शव को देखकर उनका छोटा चचेरा भाई सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका और उनकी भी मौत हो गई। दोनों भाइयों की चिता रामघाट पर एक साथ जलाई गई। दो भाइयों की चिता एक साथ जलती देख लोगों की आंखें नम हो गईं। गांव निवासी मुन्नूलाल (45) की पूना में हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। उनका शव मंगलवार की रात घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य रो रहे थे। इसी बीच चचेरे भाई लालचंद्र उर्फ फागुलाल (23) बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ देर बाद पानी का छींटा मारने पर जब होश नहीं आया, तो उन्हें प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों भाइयों के शव का बुधवार को राम घाट पर दाह संस्कार किया गया।