जौनपुर । मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य व शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि बाबरी मस्जिद प्रकरण पर जो भी फैसला सुप्रीम कोर्ट का आएगा, उसे देश का मुसलमान स्वीकार करेगा । वह गुरुवार को नगर के मोहल्ला पानदरीबा में समाजसेवी हैदर अब्बास नौशु के आवास में पत्रकारों से हात कर रहे ते।
उन्होंने कहा कि मुसलमान नहीं चाहता कि देश की एकता और अखंडता को खतरा पैदा हो। सभी धर्मों के लोगों को चाहिए कि कोर्ट के फैसले का सम्मान करें और आपसी भाईचारे को हमेशा कायम रखें । मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड पहले ही कह चुका है कि हम सुप्रीम कोर्ट का फैसला मानने को तैयार हैं। बहुसंख्यक समाज को भी कोर्ट के फैसले का आदर करना चाहिए । सुन्नी वक्फ बोर्ड द्वारा अयोध्या मुद्दे से अपना वाद वापस लिए जाने पर कहा कि सुन्नी वक्फ बोर्ड ने अपना दावा वापस नहीं लिया है। यह बात बेबुनियाद है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ द्वारा शिया वक्फ बोर्ड की सीबीआई जांच करने का स्वागत किया। कहा कि जांच की सिफारिश तो हो गई है लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही आगे नहीं बढ़ी है। बोर्ड के कर्मचारी और चेयरमैन भ्रष्टाचार के कारनामों के सबूत को मिटाने में लगे हैं।