धर्मापुर (जौनपुर)। गौराबादशाहपुर थानाक्षेत्र के चौकिया धाम स्थित ई-कार्ट (इंस्टाकार्ट सर्विसेज) के डिलीवरी हब में बड़ी धोखाधड़ी उजागर हुई है। यहां कार्यरत डिलीवरी एसोसिएट सुप्रभात ने एक ग्राहक अनिल सिंह के साथ मिलकर लाखों रुपये के कीमती प्रॉसेसर पार्सल से निकाल लिए और उनकी जगह नकली प्रॉसेसर रख दिए। आरोपी ने सात शिपमेंट को अनडिलीवर्ड दिखाकर कंपनी को करीब 2,83,800 रुपये की चपत लगाई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उपनिरीक्षक राम लाल को मामले की जांच सौंपी है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि अवधेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मामला तब प्रकाश में आया जब बीते 4 अप्रैल को हब प्रभारी अनुराग ने ईमेल के जरिए उच्चाधिकारियों को सूचित किया कि शिपमेंट पार्सल के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। जांच में पता चला कि हब में विश मास्टर के पद पर तैनात सुप्रभात (निवासी राजेपुर, सरायख्वाजा) ने एक ग्राहक अनिल सिंह के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोपी को अलग-अलग तारीखों में सात कीमती प्रॉसेसर डिलीवरी के लिए सौंपे गए थे, जिन्हें उसने अनडिलीवर्ड (वितरित न होना) दिखाकर वापस कर दिया। जब इन वापस आए पार्सलों की गहनता से जांच हुई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए बॉक्स के अंदर असली प्रॉसेसर की जगह घटिया और नकली प्रॉसेसर रखे हुए थे।