आपस में कहासुनी के बाद दंपती ने पी लिया कीटनाशक
शहर कोतवाली क्षेत्र के अहमद खां मंडी मोहल्ले की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अहमद खां मंडी में मंगलवार को आपस में कहासुनी के बाद पति-पत्नी ने कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
अहमद खां मंडी निवासी बबलू शाह (45) ठेले पर कास्मेटिक सामानों की बिक्री करता है। मंगलवार की सुबह उसका पत्नी नजमा (38) से किसी बात पर विवाद हो गया। दोनों में जमकर कहासुनी हुई। विवाद के कुछ देर बाद बबलू कीटनाशक लेकर पहुंचा और उसका घोल बनाकर पी गया। उससे हाथ से कीटनाशक का घोल छीनकर पत्नी ने भी पी लिया। घर में मौजूद बेटी जीनत ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी रेफर कर दिया। सरायपोख्ता चौकी प्रभारी संतोष पाठक ने बताया कि आपसी विवाद के बाद दंपती ने जहर खाया था। विवाद किस बात पर हुआ था, यह स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच की जा रही है।