राजाबाजार। महराजगंज ब्लाक के विझवट ग्राम पंचायत में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के नेतृत्व में शुक्रवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जन चौपाल कार्यक्रम में स्टाल लगाकर ग्राम विकास योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
डीएम ने सामुदायिक शौचालय व आयुष्मान कार्ड की सही जानकारी न देने पर फटकार लगाई। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने चौपाल में जुटे ग्रामीणों से पूछा कि क्या तुम लोग अपने यहां के लेखपाल व सेक्रेटरी का नाम जानते हो। जवाब में मात्र दो-तीन लोगों ने कहा कि जानते है बाकी सब चुप हो गए, इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने सामुदायिक शौचालय सुबह-शाम कितने बजे खुलता है ये जिम्मेदार समूह की महिला केयर टेकर संजू देवी से पूछा तो वह ठीक समय बता नहीं पाई। उचित उत्तर न मिलने पर ग्राम विकास अधिकारी विकास यादव को समय सारिणी की जानकारी न दिए जाने को लेकर डीएम ने फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने प्रभारी सीएचसी अधीक्षक महराजगंज डा.राजेंद्र प्रसाद व आयुष्मान मित्र आशीष कुमार को फटकार लगाते हुए तीन दिन के अंदर सभी पात्र गृहस्थी के छह यूनिट तक राशन कार्डधारकों का आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश दिया। चौपाल में जिलाधिकारी ने दो गर्भवती महिला पूजा देवी व संगीता पटेल की गोद भराई का रस्म निभाई, उन्हें सम्मान में पौष्टिक आहार फल चना गुड़ आदि अपने हाथों से सौंपा। चौपाल में दो नन्हे बालक अथर्व व अंकिता को जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने चम्मच से खीर खिलाकर वस्त्र भी सौंपा। जन चौपाल में गांव के छह किसान अशोक सिंह, रामलाल गुप्ता, जेठूराम, सभाजीत सिंह, चंद्रभान, गिरीश सिंह को जिलाधिकारी के हाथों पीएम सम्मान निधि प्रशस्तिपत्र सौंपा गया। इस मौके पर बीडीओ नीरज कुमार, डीडीओ विजय कुमार यादव, एडीओ पंचायत कृष्णकुमार पांडेय, ग्राम विकास अधिकारी विकास यादव, प्रधान अंबालिका सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन परियोजना निदेशक जयकेश त्रिपाठी ने किया। गौराबादशाहपुर : धर्मापुर ब्लाक के रामपुर जमींहिसामपुर व मोहम्मदपुर कांध ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ग्राम की समस्याओं व उसके निराकरण को लेकर ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। सरकार के विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। इस अवसर पर बीडीओ कृष्णमोहन यादव, ज्वाइंट बीडीओ सुभाषचंद्र, एडीओ पंचायत लालजी राम, एडीओ आईएसबी रामराज प्रसाद, एडीओ एजी राम आजाद, एडीओ एसटी विवेक कुमार आदि उपस्थित रहे।