मुंगराबादशाहपुर। नगर के मोहल्ला गुड़हाई (मलिया का गोड़ा) में स्थित मां काली चौरा माता मंदिर के भीतर शिक्षण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मंदिर की देखभाल करने वाले लोगों का कहना है कि मंदिर पूजा-अर्चना के लिए है न की शिक्षण कार्यों के लिए।
नगर के सूरज विश्वकर्मा द्वारा संचालित निशुल्क पाठशाला में पढ़ रहे बच्चे आज जब मां काली चौरा माता मंदिर पहुंचे तो गेट पर ताला लगा हुआ था। बच्चों ने इसकी सूचना संचालक को दी तो वह मौके पर पहुंचे और मंदिर गेट के सामने विरोध स्वरूप नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी आधे घंटे तक चली, मंदिर के अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता से जब सूरज विश्वकर्मा ने बातचीत किया तो उनका कहना था कि मंदिर में शिक्षण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। मंदिर में सिर्फ पूजा पाठ होगी लेकिन बच्चों का शिक्षण कार्य नहीं होगा। मंदिर के कर्ताधर्ता का कहना है कि मंदिर में सिर्फ पूजा-अर्चना ही होगी। निशुल्क पाठशाला के संचालक सूरज का कहना है कि एक साल से मंदिर में बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जा रही है लेकिन अचानक मंदिर में ताला लगाकर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।