मुंगराबादशाहपुर। बिलिंग कार्य में कार्यरत संविदा विद्युत कर्मियों ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर बुधवार से बिलिंग कार्य ठप कर दिया है। उनका कहना है कि मानदेय भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर एक सप्ताह से प्रार्थना पत्र दिया गया है। इसके बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। समस्याओं को लेकर अधिशासी अभियंता विद्युत मछलीशहर राजन कुमार सहित अन्य अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र में संविदा विद्युत कर्मियों ने बताया कि हम सभी मीटर रीडर टीडीएस कंपनी में विद्युत बिलिंग (घर-घर जाकर बिल बनाने) का काम करते हैं। कंपनी के नियमों के तहत पहले प्रत्येक मीटर रीडर को 1500 बिल बनाने का लक्ष्य दिया जाता था। इसे बढ़ाकर 1650 कर दिया गया है। परिश्रम करने के बाद भी उनको समय से पारिश्रमिक नहीं मिलता। इस कारण भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो जाती है। संविदा विद्युत कर्मियों ने बताया है कि कंपनी द्वारा आज तक मानदेय कितना दिया जाएगा या किस रेट से दिया जायेगा या कब दिया जाएगा, निश्चित नहीं किया जा सका है। एसडीओ विद्युत आलोक कुमार उपाध्याय ने बताया कि वेतन भुगतान को लेकर संविदा विद्युत कर्मियों द्वारा विद्युत बिलिंग का कार्य बाधित कर दिया गया है। इसकी सूचना टीडीएस कंपनी के साथ ही उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।