जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बदहाल है। गांवों में बार बार हो रही ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से लोग परेशान हैं। बिजली के उपकरण जल जा रहे हैं साथ ही पानी की किल्लत हो जा रही है। बुधवार को गोरियापुर और पट्टीनरेंद्रपुर विद्युत उपकेंद्र पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। साथ ही तीन दिन के अंदर व्यवस्था में सुधार करने को कहा। बक्शा: नौपेड़वा बाजार में स्थित गोरियापुर विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को दरियावगंज सुल्तानपुर फीडर की बेहद खराब विद्युत आपूर्ति से ग्रामीणों ने उपकेंद्र का घेराव कर नारेबाजी की। उपकेंद्र पर पहुंचे एसडीओ एवं जेई के समक्ष ग्रामीणों ने खराब विद्युत आपूर्ति को लेकर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना तो की या तो आपूर्ति में सुधार करें नही तो तालाबंदी की जाएगी। अधिकारियों ने विद्युत सुधार के लिए उपभोक्ताओं से तीन दिन में सुधार लाने की लिखित आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व प्रधान अमित सिंह, सुशील विश्वकर्मा, राणा प्रताप सिंह आदि मौजूद रहें। सुइथाकलां : सरपतहां थाना क्षेत्र स्थित पट्टीनरेन्द्रपुर विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को खराब बिजली व्यवस्था के खिलाफ किसानों, व्यापारियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि 24 घंटे में मुश्किल से 5-6घंटे ही बिजली मिल रही है, वह भी इतनी कम वोल्टेज पर कि सिंचाई और व्यापार दोनों ही ठप हो गए हैं। ग्रामीण किसानों ने बताया कि बिजली की अनुपलब्धता के कारण खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिससे धान की रोपाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। अगर समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। एसडीओ ने दो दिन का समय मांगा और भरोसा दिया कि बिजली आपूर्ति जल्द ही सामान्य कर दी जाएगी। थाना प्रभारी अमित सिंह ने लोगों को आश्वस्त किया कि यदि दो दिन में स्थिति नहीं सुधरी तो संबंधित अधिकारी खुद मौके पर आकर जवाब देंगे।