मुंगराबादशाहपुर- कान्हा गौशाला के उद्घाटन समारोह में बोलतीं राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी। संवाद
मुंगराबादशाहपुर। नगर पालिका परिषद के धौरहरा में एक करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित कान्हा गोशाला का बुधवार को मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने लोकार्पण किया। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गोवंशों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस भव्य गौशाला के शुरू होने से क्षेत्र के निराश्रित पशुओं को एक सुरक्षित आश्रय मिलेगा।
उन्होंने नगर पालिका चेयरमैन के द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका चेयरमैन कपिल मुनि उमरवैश्य ने कहा कि इस कान्हा गोशाला में निराश्रित पशुओं के लिए छायादार शेड के साथ ही स्वच्छ पेयजल और भूसा समेत प्रत्येक माह में हरे चारे की उत्तम व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यहां छुट्टा पशुओं के रहने से अब किसी भी किसान की फसलों को नुकसान नहीं होगा और वे अपनी उपज का पूरा फायदा ले सकेंगे। इसके पूर्व मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी का नगर पालिका चेयरमैन कपिल मुनि उमरवैश्य समेत अन्य गणमान्य लोगों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी,राजस्व निरीक्षक रामानुज शुक्ला सहित भारी संख्या में स्थानीय संभ्रांत व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।