कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन करते कांग्रेसी।
जौनपुर। रसोई गैस सिलिंडर की भारी किल्लत और मूल्य वृद्धि के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में हुंकार भरी। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि एक तरफ गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ और लंबी कतारें लग रही हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार सबको गैस मिलने के झूठे दावे कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के इस दौर में घरेलू और कॉमर्शियल सिलिंडरों के दाम बढ़ाकर मोदी सरकार ने आम जनता की जेब पर डाका डालने का काम किया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब से देश में भाजपा और नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, देशवासियों को कभी बैंक तो कभी गैस के लिए सिर्फ लाइनों में ही खड़ा होना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सचिव सत्यवीर सिंह, देवराज पांडेय, शेर बहादुर सिंह, राकेश सिंह डब्बू, लाल प्रकाश पाल, विनय तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।