जौनपुर में पैदल मार्च निकालते कांग्रेस पार्टी के नेता। कांग्रेस
जौनपुर। हल्द्वानी में भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभा मंच को अपवित्र कहकर गंगाजल से शुद्धीकरण किए जाने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में जफराबाद थाने के सामने हाईवे पर मार्च निकालकर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सीपी मित्तल ने कहा कि भाजपा दलितों सहित सभी समाज से नफरत करती है। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि देश का संविधान सबको बराबरी का अधिकार देता है, किंतु भाजपा जातिवादी विष घोलकर देश को जातीय आधार पर बांटने का काम कर रही है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर गुरु गोपाल सिंह ने कहा कि भाजपा द्वारा किया गया यह भेदभाव किसी भी तरह स्वीकार नहीं है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि भाजपा का दलित विरोधी चेहरा बेनकाब हो चुका है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. संतोष गिरी, कृष्णचंद्र निषाद, चंद्रशेखर निषाद, संदीप निषाद, इरशाद खान, तिलकधारी निषाद, सभासद शहनवाज मंजूर, फैयाज हाशमी, दयाशंकर पटेल, अखिलेश यादव, सुनीता देवी, राम आशीष यादव, अब्दुल रहीम अंसारी, सतीश चंद्र निषाद मौजूद रहे।