बदलापुर। राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा गठित दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को देर सायं ब्लॉक क्षेत्र में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा बीआरसी का निरीक्षण किया। इस दौरान सात विद्यालयों में शिक्षण की व्यवस्था दयनीय मिली। आवासीय बालिका में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई।इस दौरान पाया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में रजिस्टर में दर्ज 100 छात्राओं में से 92 छात्राएं उपस्थित मिली। शैक्षिक गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के बाद टीम ने शिक्षिकाओं को शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार लाने का निर्देश दिया। परिसर की साफ सफाई , बिस्तर की साफ सफाई दुरुस्त करने का निर्देश दिया। टीम ने छात्राओं के लिए बन रहे भोजन का भी स्वाद चखा। इसके बाद टीम सीधे बीआरसी बदलापुर कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि खंड शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बीते माह फरवरी में कुल 40 निरीक्षण किया था। जिनमें छह अध्यापकों के खिलाफ कार्यवाही की गई थी। सीसीएल या अन्य किसी छुट्टी की पेंडेंसी नहीं मिली। 7 विद्यालयों के शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं थी। उनको चेतावनी पत्र जारी किया गया था। टीम ने कुछ अधूरे अभिलेखों को तीन दिवस के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। टीम में उत्तर प्रदेश के संयुक्त सचिव बेसिक शिक्षा परिषद मोहम्मद अल्ताफ तथा सहायक उप शिक्षा निदेशक बेसिक शिक्षा प्रयागराज हरिकेश यादव शामिल थे।