डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सिटी रेलवे स्टेशन के निकट निर्माणाधीन रेल ऊपरगामी सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को 30 जून तक प्रत्येक दशा में निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से मजदूरों की संख्या की जानकारी ली और उप परियोजना प्रबंधक सेतु निर्माण खंड जौनपुर जयप्रकाश गुप्ता को निर्देशित किया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य कराया जाय। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को नाली साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएम ने विकास खंड सिकरारा के कंपोजिट विद्यालय सिकंदरा में चल रहे वैक्सीनेशन कार्य का जायजा लिया। वैक्सीनेशन में तेजी लाने का निर्देश दिया। ग्राम प्रधान एवं कोटेदार के परिवार के लोगों को वैक्सीन लगवाने का निर्देश दिया। जिससे उनके गांव के लोग प्रेरित हों और ज्यादा से ज्यादा लोग वैक्सीन लगवाएं। कोटेदार से राशन वितरण की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि समय से राशन का वितरण किया जाता है। इस दौरान उन्होंने गांव वालों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में कोरोना की वैक्सीन लगाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी नहीं खत्म नहीं हुआ है, सभी लोग कोविड-19 प्रोटोकाल पालन करें। इस अवसर पर डीएसओ अजय प्रताप सिंह, सचिव सुरेंद्र यादव, कोटेदार राज बहादुर यादव, वंश बहादुर यादव, दीपांशु, हिमांशु, वासुदेव शास्त्री यादव आदि मौजूद रहे।