मुआवजे के लिए कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन करते किसान।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 56 के चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण के लिए अधिग्रहण की गई भूमि के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। बक्शा विकास खंड के चकजद्दू दुबे, शिवगुलामगंज, सवंशा, लखमीपुर, महिमापुर डीह, उमरपुर आदि गांवों से सैकड़ों की संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे
किसानों ने अपनी आवाज बुलंद की। चेतावनी दी कि जबतक उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा तबतक वे निर्माण नहीं होने देंगे। जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में किसानों ने कहा है कि जिस तरह 0.081 हेक्टेयर से कम की जमीन के रजिस्ट्री करने पर आबादी रेट लगाया जाता है उसी तरह मुआवजे के लिए भी 0.081 हेक्टेयर से कम की भीमि का
आबादी रेट से मुआवजा भी दिया जाना चाहिए। किसानों ने कहा है कि एक जैसी जमीन का मुआवजा अलग अलग निर्धारित कर दिया गया है, इसमें सुधार होना चाहिए। एनएच 56 में प्रभावित अघिग्रहण की गई भूमि का छूटा हुआ प्रकाशन फिर से कराया जाना चाहिए। अधिग्रहण की गई भूमि को व्यवसायिक जमीन की सूची में रखा जाना चाहिए।
यहां धरने पर बैठे किसानों ने कहा है कि उनकी मांग शीघ्र पूरी नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरेंगे। धरने में अंब्रीश उपाध्याय सुड्डू, विजय बहादुर यादव, अनिल कुमार प्रजापति, रामआसरे अग्रहरि, शेषनाथ चौरसिया, लालजी यादव, संदीप कुमार, महेंद्र कुमार, गौरव कुमार, राजमणि, रामखेलावन, राय बहादुर, राकेश आदि मौजूद थे।