सुजानगंज। क्षेत्र के अचकारी गांव में सामुदायिक शौचालय को लेकर एक अनूठा मामला सामने आया है। प्रधान का आरोप है कि पूर्व प्रधान ने अपने कार्यकाल में और तत्कालीन ग्राम सचिव ने सामुदायिक शौचालय गांव के एक निजी जमीन पर बनवा दिया।
इसके बाद गांव वाले इस शौचालय में नहीं जा पाते। जिसकी जमीन है वह खुद ही इसका प्रयोग कर रहा है। जो सामुदायिक शौचालय गांव वालों के लिए बना था। वह व्यक्तिगत बनकर ही रह गया है। वर्तमान प्रधान विनोद कुमार तिवारी ने खंड विकास अधिकारी सचिन भारती को एक प्रार्थना पत्र दिया है। इसमें लेखपाल की रिपोर्ट भी लगाई है। इसके मुताबिक यह जमीन सार्वजनिक नहीं है। शिकायत के बाद हड़कंप मच गया। खंड विकास अधिकारी सचिन भारती ने कहा कि इसमें दो विकल्प हैं। या तो जिसकी जमीन है, वह ग्रामसभा को अपनी जमीन सौंप दें। यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो उस समय के प्रधान और सचिव से इसकी वसूली कराई जाएगी। पैसा खर्च होने के बाद भी यदि सामुदायिक शौचालय चालू नहीं है तो इसकी जांच कराई जाएगी।