जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध आजमगढ़ और मऊ के कॉलेज अब पूरी तरह से अलग हो जाएंगे। स्नातक अंतिम वर्ष की वार्षिक परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं। प्रैक्टिकल की परीक्षाएं होनी शेष हैं। जुलाई से शुरू होने वाले नए सत्र से दोनों जनपदों के कॉलेज पूर्वांचल विश्वविद्यालय से अलग हो जाएंगे। अब पूर्वांचल विश्वविद्यालय से केवल गाजीपुर और जौनपुर के महाविद्यालय ही शेष बचे हैं। इसी परीक्षा के साथ ही अब वार्षिक परीक्षाओं का सिलसिला भी खत्म हो जाएगा। केवल वहीं छात्र पूर्वांचल से जुड़े रहेंगे जो छात्र परीक्षा में अनुत्तीर्ण होंगे।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की छात्र संख्या भी एक बार फिर घटने के साथ ही आय भी प्रभावित होगी। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से अब केवल जौनपुर के 203 महाविद्यालय, गाजीपुर के 348 और प्रयागराज का महज एक कालेज संबद्ध रहेगा। बंटवारे के बाद पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास अब केवल 552 महाविद्यालय ही शेष रह जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह ने बताया कि इस बार स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं अंतिम बार कराई गई हैं। इसके साथ ही मऊ और आजमगढ़ के कॉलेज आजमगढ़ विश्वविद्यालय से संबंद्ध हो जाएंगे। इस साल तक दोनों जनपदों के स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से संचालित परीक्षा में शामिल हुए हैं। बंटवारे के चलते पूर्वांचल विश्वविद्यालय की आय भी कम हो जाएगी।