ठंड बढने के बाद भी जिले में डेंगू का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 604 पहुंच गई है। औसतन हर रोज एक से दो मरीज मिल रहे हैं। जिले के आठ ब्लाॅकों और नगर के छह मोहल्लों में डेंगू का प्रकोप सबसे अधिक हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. सुनील कुमार यादव ने बताया कि जिले के आठ ब्लाॅकों में डेंगू के पीड़ित मिले हैं। इनमें भी करंजाकला ब्लाॅक सबसे अधिक प्रभावित है। करंजाकला में अब तक 75 डेंगू संक्रमित मिले हैं। इसी प्रकार बदलापुर ब्लाॅक क्षेत्र में 29, खुटहन में 24, धर्मापुर में 24, सिरकोनी में 25, बक्शा में 14, शाहगंज सोंधी में 12 और मुंगराबादशाहपुर में 12 डेंगू के मरीज मिले हैं। जिले में अब तक मिले डेंगू पीड़तों में से 50 फीसदी केवल जौनपुर शहर में मिले हैं। नगर पालिका क्षेत्र में अब तक कुल 312 डेंगू संक्रमित मिल चुके हैं। नगर के सिपाह मोहल्ले में 22, चौकियां में 20, चाचकपुर में 11, लाइन बाजार में 12, पुरानी बाजार में 13 और चितरसारी मोहल्ले में अब तक 15 डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। जिले में अब तक मिले डेंगू के कुल 604 मरीजों में से 581 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 20 मरीजों का अभी जिले के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पिछले सात दिनों में डेंगू के सात मरीज मिले हैं। जिला अस्पताल की पैथोलाॅजी के अलावा सीएचसी पर भी डेंगू की जांच की व्यवस्था है।