जौनपुर। देश के दूसरे राज्यों में कोविड के बढ़ रहे संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में आने वाले सर्दी, जुकाम और सांस के सभी मरीजों की कोविड जांच कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। देश में कोराना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन ने लक्षण वाले मरीजों की जांच और इलाज की व्यस्था का निर्देश दिया है। महाराष्ट्र, गोवा और केरल में कोविड-19 के नए स्वरूप (वैरिएंट) मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में आने वाले इन्फ्लुएंजा और श्वांस के मरीजों की जांच का निर्देश दिया गया है। फिलहाल यहां करीब 150 मरीजों की जांच प्रतिदिन हो रही है, लेकिन अभी तक कोई भी कोविड संक्रमित नहीं मिला है। वहीं, लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मास्क और शारीरिक दूरी का पालन करने की हिदायत दी जा रही है।