जौनपुर। ठंड व गलन जारी है। शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा दोपहर में धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाएं शीतलहर चलने से मौसम ठंडा बना रहा। लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। तापमान अधिकतम 18 डिग्री न्यूनतम नौ डिग्री रहा। शीतलहर एवं ठंड के कारण जिले के सभी सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं मदरसा बोर्ड के कक्षा एक से आठ तक सभी विद्यालय 13 जनवरी तक बंद रहेंगे।
मौसम में तीन दिन से सुधार आया है, दोपहर में धूप खिल जा रही, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिल रही है। बृहस्पतिवार को रात में कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण लोगों को लग रहा था कि दिन में धूप नहीं निकलेगी, लेकिन 11 बजे सूर्यदेव ने दर्शन देने शुरू किए। शुरूआत में कभी सूरज बादलों में छिप जाता तो कभी बाहर निकलता। हालांकि दोपहर में धूप खिली तो लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, लेकिन ठंडी हवा चलने से मौसम ठंडा बना रहा। धूप में भी लोगों को गर्म व ऊनी कपड़े पहनकर ही रहना पड़ा। शाम को फिर से कोहरा छाने से ठंड बढ़ गई। बीएसए डाॅ. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि डीएम के निर्देश पर स्कूलों में अवकाश को बढ़ाया गया है। समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य, प्रबन्धक अवकाश का अनुपालन कराएं।