जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। महाराणा प्रताप की प्रतिमा का लोकार्पण, बीआरपी मैदान में जनसभा करने के साथ 900 करोड़ रुपये की 256 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। जनसभा के स्टेज की लंबाई 60 फीट व चौड़ाई 40 फीट होगी। सुरक्षा की दृष्टि से 45 फीट दूर डी-आकार का घेरा बनाया गया है। उधर, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को सभी तैयारियां पूरी कर लीं।
सीएम लखनऊ से हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन के मैदान में 12.40 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद 12.45 बजे पुलिस लाइन से कार से प्रस्थान करेंगे। एक से दो बजे तक कलीचाबाद तिराहे पर स्थित महाराणा प्रताप मूर्ति का लोकार्पण, बीआरपी इंटर कालेज के मैदान में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास व जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
सुरक्षा के मद्देनजर एक सप्ताह पहले से तैयारियों का दौर चल रहा था। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ व एसपी डाॅ. अजयपाल शर्मा ने पहले ही कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लीट का पूर्वाभ्यास भी किया गया। शुक्रवार को दिनभर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी टेंट आदि की व्यवस्था करते रहे।
पांच फीट का रहेगा सुरक्षाकर्मियों का घेरा
पांच फीट का सुरक्षा कर्मियों का घेरा रहेगा, जिसमें पुलिस के जवान भ्रमण करते रहेंगे। इसके पीछे दाहिने व बाएं तरफ से बैठने के लिए 250-250 लोगों की वीआईपी दीर्घा बनाई गई है। इन दोनों के बीच में मीडिया गैलरी बनाई गई है। इसके बाद पीछे दोनों तरफ से पांच-पांच हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। जर्मन हैंगर वाटर प्रूफ टेंट लगाया गया है। वीवीआईपी इंट्री जेसीज चौराहे से तो रोडवेज तिराहे के गेट से आमजन का आगमन रहेगा।
लोकार्पित होने वाली परियोजनाएं
- सुजानगंज-केराकत -सुल्तानपुर मार्ग-लंबाई 36.39 किमी-लागत 37.07 करोड़।
- बक्शा-तेजीबाजार-लोहिन्दा मार्ग का चौड़ीकरण लंबाई - 31.25 किमी -46.90 करोड़।
- जफराबाद-सुल्तानपुर -लखनऊ रेल खंड पर संपार संख्या 9 बी पर 04 लेन रेल उपरगामी सेतु का निर्माण - 92.23 करोड़।
आगमन की सारी तैयारी कर ली गई है। सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस फोर्स व अधिकारी लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर पुलिस लाइन व कलीचाबाद तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। -इंद्रनंदन सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट।
शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश रहेगा वर्जित
जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए शनिवार की सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर के अंदर सभी प्रकार के बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके लिए रूट डायवर्जन इस प्रकार है।
-पचहटिया, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे, अलीगंज मोड़ बक्शा हाईवे, चांदपुर हाईवे, हौज खास से बड़े वाहन का रूट डायवर्जन होगा।