जौनपुर। पिछले कुछ दिनों से मौसम मिजाज हर रोज बदल रहा है। 16 जून से तापमान लगातार 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग की माने तो अभी 25 जून कर मौसम सभी को झुलसाएगा। तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है।
शनिवार को आसमान में बादलों की आवाजाही भले रही लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। उमस भरी गर्मी से हर कोई परेशान रहा। एक बार फिर सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। शनिवार को सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही आसमान साफ रहने के कारण सूरज की तपिश लगातार बढ़ती रही। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों को जांच कराने के लिए पैथोलॉजी में रिपोर्ट के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
जिला अस्पताल में इलाज के लिए 751 मरीज
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अशोक कुमार यादव ने कहा कि उमस भरी गर्मी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। ऐसे में धूप में बाहर निकलने से परहेज करें। बाहर निकलें तो सिर को ढक कर निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, धूप में निकलते समय सिर को ढकें, हल्के सूती कपड़े पहनें और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। दिक्कत होने पर डॉक्टर को दिखाकर दवा जरूर लें। गर्मी का असर सबसे अधिक दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, फुटपाथ दुकानदारों और खुले में काम करने वाले लोगों पर दिखाई दिया। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी।