शाहगंज तहसील में बस्ता जमा करते लेखपाल। संवाद
शाहगंज। अतिरिक्त हलकों का काम कराने के विरोध में तहसील के लेखपालों ने बुधवार को 40 अतिरिक्त हलकों का बस्ता जमा करके काम बंद कर दिया। प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देश पर तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष विकास सिंह और महामंत्री विवेक सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने संबंधित बस्ते रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में जमा किए। बस्ता जमा होने के साथ ही इन हलकों का राजस्व संबंधी कार्य बंद हो गया। लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी ने अतिरिक्त हलकों का कार्य नहीं करने का निर्णय लिया है। तहसील के लेखपालों ने अतिरिक्त रूप से दिए गए 40 हलकों का कार्यभार छोड़ दिया और संबंधित अभिलेख कार्यालय में जमा कर दिए। लेखपालों के काम बंद करने से इन 40 अतिरिक्त हलकों से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित होंगे। इनमें आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र से लेकर भूमि संबंधी विभिन्न कार्य शामिल हैं। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देश के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।