प्रोजेक्ट अमृत के तहत गोमती घाट पर संत निरंकारी मिशन का स्वच्छता अभियान। संवाद
चंदवक। संत निरंकारी मिशन की चंदवक बीरीबारी व मढ़ी बरइक्षावीर इकाइयों की ओर से प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत गोमती नदी के घाटों पर रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत चंदवक स्थित पुरानी घाट पर व्यापक साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। संत निरंकारी मिशन पदाधिकारी श्रीराम मौर्या ने कहा कि प्रोजेक्ट अमृत का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में स्वच्छता और सेवा भाव की स्थायी भावना जागृत करना है। अभियान में संत निरंकारी समाज के कई महिला व पुरुष सेवादारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवकों ने घाट परिसर में फैली गंदगी को साफ करते हुए आमजन को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर जयप्रकाश मौर्य, राजन गुप्ता आदि लोग रहे।