बारिश हुई तो जिम्मेदारों को नालों की सफाई की सुधि आ गई। इससे पहले जब जुलाई माह में बारिश होती थी तो आधी-अधूरी नालों की सफाई कराकर छोड़ देते थे। इस समय वे जोर शोर से नालों की सफाई कराने में जुट गए हैं, जिससे भारी बारिश होने पर उनकी पोल न खुले और मोहल्लों में गंदा पानी जमा न हो। तीन दिन के भीतर करीब 25 नालों की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है।
सवा तीन लाख आबादी वाले शहर का गंदा पानी गोमती नदी में गिरता है। इसके लिए पूरे शहर में छोटे बड़े मिलाकर कुल 57 नाला मौजूद हैं, जिसमें 14 बड़ा नाला और 43 छोटे नाले हैं। इन नालों की सफाई नगर पालिका की ओर से कराया जाता है, लेकिन वह भी हर साल जुलाई माह में नालों की सफाई कराने का कार्य करता था। इस दौरान लगातार पानी पड़ने के कारण हर साल आधा अधूरा नालों की सफाई कराकर शांत बैठ जाता था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। कारण ताउते चक्रवाती तूफान के कारण तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इधर बारिश के कारण जाम पड़े नालों का पानी गोमती नदी में गिरने के बजाय मोहल्लों में न फैले। इसके मद्देनजर नगर पालिका प्रशासन ने नालों की सफाई शुरू कर दी है। वह जेसीबी से नालों की सफाई करा रहा है, जिससे इस बार चार -पांच दिनों के भीतर ही सारे नालों की सफाई का कार्य हो जाएगा।
गोमती नदी में 14 बड़े नालों से गिरता है गंदा पानी
शहर के बड़े 14 नाले ऐसे है, जिनसे होकर पूरे शहर का गंदा पानी सीधे गोमती नदी में गिरता है, जिसमें मुफ्तीमोहल्ला,, मलुन टोला, तुतीपुर, हनुमानघाट, बलुआ घाट, रासमंडल , अचना देवी, कटघरा,शेखपुर, अयनापुर, जोगियापुर , मियापुर, हरिहरपुर व जोगियापुर नाला है।
साल में एक बार होती है, नालों की सफाई
शहर में मौजूद नालों की सफाई का कार्य साल भर में एक बार होता है, लेकिन वह भी अच्छी प्रकार से नहीं होता है। वैसे भले ही नालों की सफाई कराने का समय मई व मध्य जून माह हो, लेकिन नगर पालिका प्रशासन जुलाई माह में उस समय करता है, जब बारिश शुरू हो जाती है, जिससे आधा अधूरा नालों की ही सफाई हो पाती है। ऐसा हर साल होता रहता है।
वर्जन...
नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर सभी नालों की सफाई करा दी जाएगी, जिससे शहर के गंदा पानी के साथ बरसात का भी पानी आसानी से निकल सके। अभी तक 25 नालों की सफाई करा दी गई है। साल भर में एक बार नालों की सफाई कराई जाती है। - संतोष कुमार मिश्रा, अधीशासी अधिकारी, नगर पालिका