जौनपुर। मुख्यमंत्री के जिले में आगमन का असर दिखने लगा है। सीएम के जाते ही डीएम ने जौनपुर-वाराणसी और मीरपुर-सुल्तानपुर हाईवे का निरीक्षण किया। कड़े लहजे में उन्होंने संबंधित अफसरों को सड़क में गड्ढों को दो दिन में भरने का निर्देश दिया। सड़क के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे पोल को भी बिजली निगम के अफसरों को अन्यत्र शिफ्ट कराने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान पीडब्लूडी निर्माण खंड के एक्सईएन जैनू राम ने बताया कि पकड़ी पुल से वाजिदपुर तिराहे तक की सड़क का कार्य निर्माण खंड को कराना है, जबकि वाजिदपुर से बनारस की तरफ का कार्य एनएचएआई कराएगी। मीरपुर से सुल्तानपुर रोड का कार्य भी एनएचएआई को कराना है। उन्होंने बताया कि सड़कों के किनारे नाली निर्माण और सड़क के चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। टेंडर की प्रक्रिया हो चुकी है। शीघ्र नई सड़क का निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सड़क 16.5 मीटर चौड़ी चारलेन डिवाइडरयुक्त बनाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान एक्सईएन प्रांतीय खंड राधाकृष्ण, सिटी मजिस्ट्रेट सहदेव मिश्र भी मौजूद रहे। बता दें कि सीएम के साथ कोर कमेटी की बैठक में विधायक रमेश मिश्र ने जर्जर सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया था, जिस पर सीएम ने इसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।