वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में बातचीत के लिए शुक्रवार को कुलपति से मिलने पहुंचे विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष और महामंत्री से सहायक कुलसचिव की झड़प हो गई। शिक्षक संघ का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा कराने और परिणाम जारी करने में मनमानी कर रहा है। परीक्षा केंद्रों की जांच के लिए समय से उड़ाकादल को नहीं भेजा जा रहा है। जो भी रिजल्ट जारी हुआ है उसमें काफी आधा अधूरा है। शिकायत करने पर विश्वविद्यालय प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है। जिसके चलते विश्वविद्यालय के परीक्षा की सुचिता पर सवाल खड़ा हो रहा है। कर्मचारी संघ के एक पदाधिकारी पर भी अनियमितता करने का आरोप लगाया।
शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. राहुल सिंह ने कुलपति से मिलने का समय लिया था। आरोप है कि शुक्रवार को दोपहर में शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. विजय सिंह, महामंत्री डा. राहुल सिंह कुलपति से मिलने उनके कार्यालय में पहुंचे थे। वहां कुलपति से रिजल्ट में हुई गड़बड़ी और उड़ाकादल के गठन पर चर्चा चल रही थी। इसी बीच सहायक कुलसचिव ने विरोध किया तो दोनों पक्ष के विवाद शुरू हो गया। कुलपति कार्यालय में वार्ता के बाद शिक्षक संघ के अध्यक्ष और महामंत्री बाहर निकले, उसी दौरान सहायक कुलसचिव भी बाहर पहुंच गए। संघ के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सहायक कुलसचिव ने संघ के पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। कहा कि त्रुटिपूर्ण अंकपत्रों के सुधार, कमीशनखोरी, एजेंसी की लापरवाही से छात्रों का भविष्य चौपट हो रहा है। अध्यक्ष एवं महामंत्री ने इसकी सूचना प्रदेश संगठन फुपुक्टा को दे दिया है। महामंत्री राहुल सिंह ने कहा कि विवि में भ्रष्टाचार को किसी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनपदीय शिक्षक संघ ने जताया विरोध
जौनपुर। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से वार्ता के दौरान सहायक कुलसचिव की झड़प के बाद जनपदीय महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप सिंह की अध्यक्षता में बैठक कर निंदा की गई। डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि एआर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। बैठक में टी.डी.कालेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ.नरेंद्र देव पाठक, महमंत्री राजीव कुमार सिंह, डा.एसके सिंह वत्स, डा.पंकज गौतम, डा.मिथिलेश कुमार, डा.सिद्धार्थ सिंह, डा.विपिन कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
आजमगढ़, मऊ के कॉलेज दूसरे विश्वविद्यालय से संचालित हो रहे हैं। केवल स्नातक तृतीय वर्ष के छात्रों की परीक्षा पूविवि के जिम्में है। नियम के तहत परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शिक्षक संघ प्रबंधकों से वसूली करने के लिए हस्तक्षेप कर मनमानी करना चाहता, जो अनुचित है।-
- अजीत प्रताप सिंह, सहायक कुलसचिव पूविवि जौनपुर